गोपेश्वर (चमोली)। भारत के प्रथम गांव माणा में 25 तथा 26 अक्टूबर को देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होगा। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत पवित्र बदरीनाथ धाम के समीप स्थित सुरम्य प्रथम ग्राम माणा में आगामी 25 व 26 अक्टूबर को देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही है। दो दिवसीय महोत्सव में सीमांत पर्यटन, सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक विकास को एक जीवंत केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास होगा। महोत्सव में गढ़वाल की समृद्ध परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएँ, हस्तशिल्प, स्थानीय जड़ी-बूटियों एवं जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र होंगी। यह पहल गढ़वाली संस्कृति के प्रवासन रोकने और लोगों को अपने पैतृक गांवों की ओर लौटने के लिए प्रेरित करने के रूप में की जा रही है।
सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए प्रकृति भ्रमण, विरासत यात्राएं, व्यास गुफा, वसुधारा जलप्रपात और सरस्वती नदी जैसे दर्शनीय स्थलों के लिए गाइडेड टूर आयोजित किए जाएंगे। इससे आगंतुकों को अध्यात्म और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार यह महोत्सव सीमांत पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। यह पहल सीमांत क्षेत्रों के सशक्तिकरण के राष्ट्रीय लक्ष्य से जुड़ा है।

More Stories
आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी में स्पोर्ट्स मीट 2026 का शानदार आगाज़
पीएचडी चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा देहरादून में राष्ट्रीय आईपी यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ
एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ऋषिकेश में बहुमंजिला भवन सील, सेलाकुई में 10 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, अवैध व्यावसायिक निर्माण सील