पौड़ी : जनपद में कोट ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय में सेवारत सहायक अध्यापिका को बिना अवकाश स्वीकृति के लंबे समय से अनुपस्थित रहना भारी पड़ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी कोट की रिपोर्ट मिलने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पौड़ी नागेंद्र बर्त्वाल ने निलंबन आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि निलंबित अध्यापिका को उप शिक्षा अधिकारी कोट से संबद्ध किया गया है। साथ ही आरोप पत्र भेजकर जवाब के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।
दरअसल बहेड़ाखाल में सेवारत अध्यापिका पुष्पलता सिंह लंबे समय से अनुपस्थित चल रही है। जबकि अध्यापिका को विभागीय उच्च अधिकारियों से अवकाश की कोई स्वीकृति नहीं मिली थी। बावजूद इसके वह जनवरी से लगातार अनुपस्थित चल रही है। बीते दिनों अध्यापिका के लंबे समय से बिना अवकाश स्वीकृति अनुपस्थित रहने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी ने बीते 10 अक्तूबर को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बीईओ कोट से प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी। बीईओ ने प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट स्पष्ट संस्तुति के साथ उच्च अधिकारियों को भेजी थी। बीईओ ने बताया कि अध्यापिका की सिर्फ एक सीसीएल स्वीकृत है, उसके अलावा मेडिकल सहित अन्य अवकाश स्वीकृत नहीं किए गए थे।

More Stories
प्रशिक्षक अनुज गौड़ के मार्गदर्शन और योग संगठनों की पहल से खेल एवं योग को मिल रहा बढ़ावा; उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन
पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द भर्ती; थानों का बजट होगा दोगुना
धामी सरकार का स्वास्थ्य शिक्षा पर बड़ा फोकस, सेलाकुई विश्वविद्यालय को ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं की सौगात