देहरादून। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने आज राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिसमेक्स मशीन, डायनामिक डिजिटल रेडियोग्राफी (DDR) मशीन एवं बैरिएट्रिक सर्जरी सेवा का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों एवं उन्नत उपकरणों का समावेश स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सशक्त बनाएगा और सिसमेक्स मशीन के माध्यम से विभिन्न रक्त संबंधी जांचें अधिक सटीकता एवं कम समय में संभव हो सकेंगी, जबकि डायनामिक डिजिटल रेडियोग्राफी (DDR) मशीन मरीजों की उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण रेडियोलॉजिकल जांच में सहायक सिद्ध होगी। वहीं बैरिएट्रिक सर्जरी सेवा शुरू होने से मोटापे से संबंधित जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों को राज्य में ही विशेषज्ञ उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर निदान एवं उपचार मिलेगा तथा दून मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बनाने और आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज प्रशासन, चिकित्सकगण, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

More Stories
प्रशिक्षक अनुज गौड़ के मार्गदर्शन और योग संगठनों की पहल से खेल एवं योग को मिल रहा बढ़ावा; उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन
पुलिस में 1,600 पदों पर जल्द भर्ती; थानों का बजट होगा दोगुना
धामी सरकार का स्वास्थ्य शिक्षा पर बड़ा फोकस, सेलाकुई विश्वविद्यालय को ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं की सौगात